1. मानव नेत्र की संरचना और कार्य (Structure & Functions of Human Eye)
मानव नेत्र एक प्राकृतिक प्रकाशीय यंत्र (Optical Instrument) है जो एक कैमरे की तरह काम करता है। इसका व्यास (Diameter) लगभग 2.3 cm होता है।
मुख्य भाग और उनके कार्य:
कॉर्निया (स्वच्छ मंडल)
यह आँख के सामने का सबसे बाहरी, पारदर्शी और उभरा हुआ भाग होता है। आँख में प्रवेश करने वाले प्रकाश का अधिकांश अपवर्तन (Refraction) कॉर्निया की बाहरी सतह पर ही होता है।
परितारिका (Iris)
कॉर्निया के पीछे एक गहरा, पेशीय डायफ्राम होता है। यह आँख का रंग (जैसे- काला, भूरा, नीला) तय करता है और पुतली (Pupil) के आकार को नियंत्रित करता है।
पुतली (Pupil)
परितारिका के बीच में एक छोटा सा छिद्र होता है। यह आँख में प्रवेश करने वाले प्रकाश की मात्रा को नियंत्रित करती है।
तेज़ प्रकाश में: पुतली सिकुड़कर छोटी हो जाती है। मंद (कम) प्रकाश में: पुतली फैलकर बड़ी हो जाती है।
अभिनेत्र लेंस (Eye Lens)
यह एक क्रिस्टलीय, लचीला और पारदर्शी उत्तल लेंस (Convex Lens) होता है जो प्रोटीन का बना होता है। यह वस्तुओं का वास्तविक और उल्टा (Real and Inverted) प्रतिबिंब रेटिना पर बनाता है।
पक्ष्माभी पेशियां (Ciliary Muscles)
ये पेशियां लेंस को अपनी जगह पर जकड़े रखती हैं। लेंस की वक्रता (Curvature) को बदलकर उसकी फोकस दूरी को कम या ज़्यादा करना इन्हीं का काम होता है।
दृष्टि पटल (Retina):
यह आँख के पीछे का एक प्रकाश-संवेदी पर्दा (Screen) है जिस पर प्रतिबिंब बनता है। इसमें दो प्रकार की कोशिकाएं होती हैं:
1. दंड कोशिकाएं (Rods):
ये प्रकाश की तीव्रता (Brightness) के लिए संवेदनशील होती हैं (कम रोशनी में देखने के लिए)।
2.शंकु कोशिकाएं (Cones):
ये रंगों (Colors) को पहचानने के लिए संवेदनशील होती हैं।
द्रिक तंत्रिका (Optic Nerve)
रेटिना पर बने प्रतिबिंब के विद्युत सिग्नलों (Electrical Signals) को मस्तिष्क (Brain) तक पहुँचाने का काम करती है।
अंध बिंदु (Blind Spot)
दृष्टि पटल और द्रिक तंत्रिका के मिलन बिंदु पर कोई प्रकाश-संवेदी कोशिका नहीं होती, इसलिए यहाँ बनने वाला प्रतिबिंब दिखाई नहीं देता।
नेत्रोद (Aqueous Humor) और काचाभ द्रव (Vitreous Humor)
कॉर्निया और लेंस के बीच नमकीन द्रव को नेत्रोद कहते हैं, और लेंस तथा रेटिना के बीच के गाढ़े द्रव को काचाभ द्रव कहते हैं। ये आँख के भीतर का दबाव बनाए रखते हैं।
2. नेत्र की समंजन क्षमता (Power of Accommodation)
अभिनेत्र लेंस की वह क्षमता जिसके कारण वह अपनी फोकस दूरी को आवश्यकतानुसार बदल सकता है, समंजन क्षमता कहलाती है।
दूर की वस्तु देखने के लिए: पक्ष्माभी पेशियां शिथिल (Relax) हो जाती हैं –> लेंस पतला हो जाता है –> फोकस दूरी बढ़ जाती है और दूर की वस्तु साफ दिखती है।
पास की वस्तु देखने के लिए: पक्ष्माभी पेशियां सिकुड़ (Contract) जाती हैं –> लेंस मोटा हो जाता है –> फोकस दूरी कम हो जाती है और पास की वस्तु साफ दिखती है।
महत्वपूर्ण बिंदु:
दूर बिंदु (Far Point): सामान्य आँख के लिए यह अनंत पर होता है।
निकट बिंदु / स्पष्ट दृष्टि की न्यूनतम दूरी (Near Point): बिना किसी तनाव के स्पष्ट देखने की कम से कम दूरी। एक वयस्क के लिए यह 25 cm होती है।
3. दृष्टि दोष तथा उनका निवारण (Defects of Vision and Correction)
जब आँख की समंजन क्षमता कम हो जाती है, तो वस्तुएं धुंधली दिखाई देने लगती हैं। मुख्य रूप से तीन प्रकार के दृष्टि दोष होते हैं:
क. निकट-दृष्टि दोष (Myopia)
लक्षण: पास की वस्तुएं साफ दिखाई देती हैं, लेकिन दूर की वस्तुएं धुंधली दिखती हैं।
कारण:
1. अभिनेत्र लेंस की वक्रता का अत्यधिक होना (लेंस का मोटा हो जाना)।
2. नेत्र गोलक (Eyeball) का लंबा हो जाना।
प्रतिबिंब:
दूर रखी वस्तु का प्रतिबिंब रेटिना पर न बनकर रेटिना के सामने (पहले) ही बन जाता है।
निवारण:
इस दोष को दूर करने के लिए उचित क्षमता वाले अवतल लेंस (Concave Lens) के चश्मे का उपयोग किया जाता है।
ख. दीर्घ-दृष्टि दोष / दूर-दृष्टि दोष (Hypermetropia)
लक्षण:
दूर की वस्तुएं साफ दिखाई देती हैं, लेकिन पास की वस्तुएं (25 cm वाली) धुंधली दिखती हैं।
कारण:
1. अभिनेत्र लेंस की फोकस दूरी का अत्यधिक बढ़ जाना (लेंस का बहुत पतला होना)।
2. नेत्र गोलक का छोटा हो जाना।
प्रतिबिंब:
पास की वस्तु से आने वाली किरणें रेटिना के पीछे फोकस होती हैं।
निवारण:
इस दोष को दूर करने के लिए उचित क्षमता वाले उत्तल लेंस (Convex Lens) के चश्मे का उपयोग किया जाता है।
ग. जरा-दूरदृष्टिता (Presbyopia)
लक्षण:
आयु बढ़ने के साथ (वृद्धावस्था में) मांसपेशियों के कमजोर होने के कारण व्यक्ति को न तो पास का साफ दिखता है और न ही दूर का।
कारण:
पक्ष्माभी पेशियों का धीरे-धीरे कमजोर होना तथा लेंस के लचीलेपन में कमी आना।
निवारण:
इसके लिए द्विफोकसी लेंस (Bi-focal Lens) का उपयोग किया जाता है, जिसमें ऊपरी भाग अवतल (दूर देखने के लिए) और निचला भाग उत्तल (पास देखने के लिए) होता है।
(Astigmatism – अबिन्दुकता):
इसमें व्यक्ति को एक ही दूरी पर रखी क्षैतिज (Horizontal) और ऊर्ध्वाधर (Vertical) रेखाएं एक साथ साफ नहीं दिखतीं। इसके निवारण के लिए बेलनाकार लेंस (Cylindrical Lens) का उपयोग किया जाता है।
मानव नेत्र (Human Eye) – Online Test
कुल प्रश्न: 50 | समय प्रति प्रश्न: 40 सेकंड
परीक्षा समाप्त!
आपका कुल स्कोर नीचे दिया गया है:
Response
[…] मानव नेत्र (Human Eye) और रंग-बिरंगा संसार […]